उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देश का पहला नाईट सफारी कुकरैल जंगल में विकसित करने जा रही है। बीते मंगलावर को मुख्यमंत्री को इसका प्रेजेंटेशन दिखाया गया था जिसपर उन्होंने अपनी हामी भर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुकरैल नाईट सफारी को इस तरह विकसित किया जाए कि यह वन्य जीवन और पर्यावरण संरक्षण, पर्यावरण पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में एक अनूठा प्रयोग हो।
कुकरैल वन क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 2027.46 हेक्टेयर है। इसमें से लगभग 500 एकड़ क्षेत्र में बिना वन क्षेत्र को प्रभावित किए चिड़ियाघर एवं नाइट सफारी विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही कुकरैल नाइट सफारी पर्यटकों को विश्व स्तरीय ईको-पर्यटन सुविधाएं प्रदान करेगी।
रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित होगी कुकरैल नाइट सफारी
कुकरैल नाईट सफारी के लिए यहां रात्रिचर जानवरों को लाया जाएगा। नाइट सफारी को गोमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर नवीनतम तकनीक से विकसित किया जाएगा। नाइट सफारी के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के लिए फोर लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। नाईट सफारी को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए कुकरैल नदी को चैनलाइज कर रिवर फ्रंट की तर्ज़ पर विकसित किया जाएगा। आपको बता दें कि वर्तमान में कुकरैल वन क्षेत्र में एक घड़ियाल प्रजनन केन्द्र, चिल्ड्रेन पार्क और एक वन विश्राम गृह है।
















